जिले में श्रम कार्ड धारकों का भी आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। ताकि उन्हें प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का निशुल्क लाभ मिल सके। एक अक्तूबर 2019 से 31 अक्तूबर 2020 के बीच बने श्रम कार्ड ही इसके दायरे में आएंगे। शासन के इस निर्देश के बाद अब जनसेवा केंद्रों पर राशन कार्ड, श्रम कार्ड और आधार कार्ड के माध्यम से आयुष्मान कार्ड बनवाया जा सकेगा।
उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत श्रमिकों का श्रम कार्ड बनाया गया है। इन सभी कार्ड धारकों को भी आयुष्मान भारत योजना के तहत जोड़ा गया है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि जिले में ऐसे लोगों का आयुष्मान कार्ड जनसेवा केंद्रों के माध्यम से बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अधिक जानकारी नाटी इमली स्थित श्रम कार्यालय से ली जा सकती है। अब तक प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 1,14,419 लाभार्थी परिवारों और मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत 19,817 लाभार्थी परिवारों को शत-प्रतिशत कवर किया जा चुका है। दोनों को मिला कर 3,42,293 आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। जिले के 23 सरकारी व 158 निजी चिकित्सालय सूचीबद्ध हैं, जिसमें लाभार्थी प्रति वर्ष प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक के निशुल्क इलाज का लाभ उठा सकते हैं । जिले में 84,735 लाभार्थियों ने इलाज कराया, इसमें सरकारी अस्पतालों में 19,527 व निजी चिकित्सालयों में 65,208 शामिल हैं।