बीएचयू भोजपुरी अध्ययन केंद्र में परिचर्चा का आयोजन
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। बीएचयू के भोजपुरी अध्ययन केंद्र की ओर से बुधवार को आयोजित परिचर्चा में चिकित्सकों ने बेहतर स्वास्थ्य को लेकर सभी को जागरूक रहने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता आईएमएस बीएचयू न्यूरोलॉजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. विजयनाथ मिश्र ने कहा कि अगर बीमारियों के कारण, लक्षण और बचाव की सही जानकारी हो तो परेशान नहीं होना पड़ेगा।
राहुल सभागार में स्वास्थ्य, चिकित्सा व जनजागरूकता : पूर्वांचल के विशेष संदर्भ में विषयक परिचर्चा में प्रो. विजयनाथ मिश्र ने न्यूरोलॉजी से संबंधित बीमारियों और उनके लक्षणों को बताया। रेडियोथेरेपी विभाग के प्रो. यूपी शाही ने अलग-अलग प्रकार के कैंसर के कारण, बचाव के बारे में बताया। मेडिसिन विभाग के डाॅ. दीपक गौतम ने कहा कि पूर्वांचल न केवल विश्व से स्वास्थ्य सुविधाओं में पिछड़ा हुआ है बल्कि भारत में भी काफी पीछे है। बीएचयू अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय यादव ने कहा कि इलाज द्विपक्षीय प्रक्रिया होती है। इसमें डॉक्टर को मरीज के शैक्षिक और सामाजिक स्तर को समझकर उसे समझना तथा समझाना पड़ता है।
न्यूरोलॉजी विभाग के चिकित्सक डॉ. अभिषेक पाठक ने कहा कि किसी भी बीमारी में बार-बार दवाई लेने से ही इलाज नहीं होता, बल्कि सही पथ्य और दिनचर्या रखना भी स्वास्थ्य के लिए जरूरी होता है। प्रो. टीपी चतुर्वेदी ने पान-मसालों, तंबाकू आदि के सेवन से सेहत पर दुष्प्रभाव के बारे में बताया। इस दौरान प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल, डॉ. विनोद यादव, उदय प्रताप पाल, आफरीन बानो, प्रो. देवेंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।