गिरफ्तार सीओ अमरेश बघेल का पूरे रास्ते बैग ढोते रहे सारनाथ थानेदार
- फोटो : अमर उजाला
दुष्कर्म के आरोपी सांसद अतुल राय के पक्ष में रिपोर्ट लगाने वाले निलंबित सीओ अमरेश सिंह बघेल फिलहाल 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल में है। इससे पहले गिरफ्तारी से लेकर जेल जाने तक वाराणसी पुलिस पूरे समय तक वीआईपी ट्रीटमेंट देने की जुगत में रही। बाराबंकी के हैदरगढ़ के डाफी टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार अमरेश सिंह बघेल को लाकर पुलिस लाइन में रखा गया।
गुरुवार को कोर्ट में पेशी के दौरान किसी भी मीडिया कर्मियों को पास नहीं जाने दिया गया। अधिवक्ताओं को भी दूर रखा गया। जेल जाने से पूर्व सरकारी वाहन में सीओ के बैठने का अंदाज भी यह बता रहा था कि पुलिस उसकी सेवा में है। पुलिस के एक उच्चाधिकारी के इशारे पर सीओ को वीआईपी ट्रीटमेंट दिया गया।
गिरफ्तार सीओ की सेवा में लगे रहे सारनाथ थानाध्यक्ष
भले ही दुष्कर्म के आरोपी को मदद पहुंचाने के आरोप में निलंबित सीओ अमरेश सिंह बघेल को जेल भेज दिया गया। मगर उसका रुआब पूरी तरह से सीओ की तरह दिखाई दिया। पुलिस लाइन से जिला अस्पताल और जेल में दाखिल करने तक ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर व दरोगा उसकी जी हुजूरी करते रहे।
थानाध्यक्ष सारनाथ नागेश सिंह तो पूरे समय सीओ का बैग ढोते हुए पीछे-पीछे चल रहे थे। उधर, पूरे समय तक आरोपी अमरेश सिंह को पकड़े रखने की बजाय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उसे सीओ की तरह ट्रीट करते हुए उससे दूरी बनाए रखी थी।
अधिकारियों के दबाव में वादी बने लंका इंस्पेक्टर
सीओ अमरेश सिंह बघेल को जेल भेज दिया गया
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार देर रात लंका थाने में निलंबित सीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को लेकर उहापोह की स्थिति बनी। अधिकारियों की फटकार के बाद इंस्पेक्टर लंका मुकदमे में वादी बने। कारण अमरेश बघेल भेलूपुर सर्किल में ही सीओ थे और लंका थाना इसी सर्किल का हिस्सा है। सीओ की तैनाती के दौरान भी वर्तमान इंस्पेक्टर महेश पांडेय यहां तैनात थे।
पीड़ित और गवाह को धमका रहे थे सांसद के समर्थक
घोसी सांसद अतुल राय पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने वाली पीड़िता और उसके गवाह साथी को सांसद के समर्थक धमकाते थे। इस मामले में पीड़िता कई बार पुलिस अधिकारियों के यहां गुहार लगाई लेकिन सांसद के प्रभाव में आकर पुलिस ने पीड़िता की गुहार अनसुनी कर दी। सांसद के समर्थन में रहने वाले शिवपुर क्षेत्र के युवाओं का नाम पीड़िता अक्सर लेती थी।