शहर के अधिकांश एटीएम में लगा है नो कैश का बोर्ड
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी शहर के अधिकांश एटीएम में रुपये नहीं होने पर लोग दिनभर एक से दूसरी जगह एटीएम का चक्कर लगा रहे हैं। होली पर्व पर गुरुवार से दो दिन लगातार बैंक भी बंद है। ऐसे में लोगों को रुपये लेने के लिए एटीएम पर भरोसा है लेकिन शहर में एसबीआई, यूनियन बैंक, बैंक आफ बड़ौदा सहित कई बैंकों के एटीएम में रुपये नहीं है।
कई जगहों के एटीएम में नो कैश का बोर्ड लगा है, जिस वजह से लोग कैश के लिए भटकते रहे। आरबीआई की ओर से नई करेंसी न भेजा जाना इसकी मुख्य वजह मानी जा रही है। शादी विवाह के साथ रंगों का त्योहार होने की वजह से शहर और ग्रामीण इलाकों में बैंकों पर भीड़ तो लग ही रही है, एटीएम पर भी लोग रुपये लेने पहुंच रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक बैंकों के जमा काउंटर पर जहां रुपये जमा करने वालों की संख्या घटी है, और आरबीआई की ओर से पर्याप्त कैश भी नहीं मिल पा रहा है। इस वजह से एटीएम पर नकदी संकट भी शुरू हो गया है।
शहर में एसबीआई, एचडीएफसी, बैंक आफ बडौदा, यूनियन बैंक आदि के कुल 650 से अधिक एटीएम हैं, जिसमें 100 से अधिक एटीएम में कैश नहीं है। इसमें कुछ जगहों पर नो कैश का बोर्ड लगा रहा तो कुछ जगहों पर लोगों के गुस्से से बचने के लिए गार्ड आधा शटर गिराके अंदर बैठे मिले।
बैंकिंग सूत्रों की माने तो आरबीआई से 500 और 2000 की पर्याप्त नई करेंसी न मिलने की वजह से ही यह समस्या बनी है। होली की छुट्टी के बाद अब बैंक शनिवार को खुलेंगे और रविवार को फिर बंद हो जाएंगे।
अग्रणी बैंक के प्रबंधक रंजीत सिंह ने बताया कि एटीएम से कैश निकासी अन्य दिनों की तरह बढ़ गई है। पर्याप्त कैश न होने की वजह से ही कई एटीएम खाली हैं। कोशिश की जा रही है कि गुरुवार सुबह तक एटीएम में कैश डाल दिया जाए, जिससे कि लोगों को परेशानी न हो।