बिजली का मीटर उतारने के दौरान की मारपीट, दी धमकी
- अवर अभियंता की तहरीर के आधार पर जैतपुरा थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। अलईपुरा विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता अंकुर कुमार पांडेय की तहरीर के आधार पर जैतपुरा थाने में बलवा, मारपीट, धमकाने और सरकारी काम में बाधा डालने सहित अन्य आरोपों में पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में कच्चीबाग जैतपुरा निवासी मोहम्मद एकराम, सलाउद्दीन, बेलाल अहमद, जैनुद्दीन और एमामुद्दीन का नाम शामिल है।
अवर अभियंता अंकुर कुमार पांडेय ने बताया कि बकाया होने के कारण कटीली मैदान के परिसर में रहने वाली अजीरुनिशा का बिजली कनेक्शन कटा हुआ था। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अजीरुनिशा के मकान से मीटर और केबल उतरवाने के लिए वह अपने स्टाफ के साथ गए थे। इस दौरान मौके पर मौजूद मोहम्मद एकराम, सलाउद्दीन, बेलाल अहमद, जैनुद्दीन और एमामुद्दीन ने काम रुकवा दिया। इसके बाद सभी गालीगलौज करते हुए उनके और स्टाफ के साथ हाथापाई करने लगे। अवर अभियंता अंकुर कुमार पांडेय ने कहा कि जैतपुरा थाने को सूचना देने पर पुलिस मौके पर आई तो वह लोग सकुशल अपने कार्यालय पहुंचे। इस घटना से वह और उनके साथी कर्मचारी भयभीत हैं। इस संबंध में जैतपुरा थानाध्यक्ष मथुरा राय ने बताया कि बिजली विभाग के अवर अभियंता की तहरीर के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।