वाराणसी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और नगर विकास मंत्री आजम खां के आगमन के मद्देनजर गुरुवार को जिले के आला अधिकारियों ने धूप में घंटों पसीना बहाया। नगर विकास मंत्री का आना शनिवार को तय हो गया है, वहीं मुख्यमंत्री का आगमन 20 जून को है।
जिलाधिकारी प्रांजल यादव ने गुरुवार को अस्सी घाट पहुंच कर सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट के पुख्ता इंतजाम कराने को कहा। वहीं, अपर नगर आयुक्त बीके द्विवेदी बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर बेनियाबाग पार्क तक बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने और अतिक्रमण हटाने का निर्देश देते देखे गए। उधर, वीडीए की ओर से सीएम से चुप्पेपुर स्थित पत्रकारपुरम कॉलोनी में कम्युनिटी हॉल का उद्घाटन कराने की तैयारी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त से कहा है कि मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री के आगमन के दौरान बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कोई अव्यवस्था देखने को न मिले। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम यदि अस्सी घाट पर हुआ तो नदी की ओर नगर निगम बैरिकेडिंग की व्यवस्था करके रखे।
अपर नगर आयुक्त बीके द्विवेदी ने बताया कि चीफ इंजीनियर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी और पांचों जोनल अधिकारियों, अभियंताओं व स्वास्थ्य अधिकारियों को ताकीद की गई है कि नगर निगम से जुड़ी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की खामी नजर नहीं आनी चाहिए। प्रभारी अधिकारी (अतिक्रमण) को अभियान चलाकर सड़कों की पटरियां अतिक्रमण मुक्त कराने को कहा गया है।