रणजी खेलों में अपनी शानदार गेंदबाजी से सामने वाले को परास्त करने वाले आशीष विस्टन जैैदी ने रविवार को शिवपुर मिनी स्टेडियम में क्रिकेट कैंप का शुभारंभ किया। कैंप का शुभारंभ करते हुए उन्होंने युवा खिलाड़ियों को खेल से जुड़ी बारीकियां बताईं। युवा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि किस तरह कदमों के सही इस्तेमाल और टेंपरामेंट बनाने से बड़ी और शानदार पारी खेल सकते हैं।
गेंदबाजों को प्रशिक्षित करते हुए उन्होंने सही लाइन, लेेंथ के साथ गेंदबाजी करने का तरीका बताया। उन्होंने बताया कि दाएं हाथ और बाएं हाथ का बल्लेबाज सामने हो तो किस तरह से गेंदबाजी करें। इसके बाद उन्होंने कोच अभय तिवारी व शुभम के नेतृत्व में खिलाड़ियों का नेट में अभ्यास देखा। इस अवसर पर शैफी अहमद, चंद्र प्रकाश वर्मा, वेद प्रकाश वर्मा, उपेंद्र सिंह, विपुल सिंह, संतोष कुमार, हरिशंकर, बच्चन प्रधान, अनिल यादव, इम्तियाज अली, चंद्रशेखर यादव आदि मौजूद रहे।
आईपीएल दे रहा युवाओं को अवसर की भरमार
जैदी ने बताया कि अंडर 15 कैंप में सचिन संग समय बिताने का मौका मिला था। अभ्यास के मैच के दौरान कभी-कभी सचिन आउट भी हो जाया करता था। क्रिकेट को लेकर सवाल पूछने पर जैदी ने कहा कि वो क्रिकेट से हमेशा जुड़े रहेंगे। क्योंकि क्रिकेट उनकी आत्मा में बसा है। वहीं क्रिकेट में आईपीएल की एंट्री पर पूछे सवाल पर जैदी ने कहा कि आईपीएल ने युवाओं को अपने प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मौका दिया है। आज आईपीएल फार्मेट की वजह से छोटे-छोटे शहरों से भी अच्छे खिलाड़ी आईपीएल में खेलकर देश का नाम रौशन कर रहे हैं।