ठंड का असर बढ़ते ही सुबह और देर रात कोहरे की घनी चादर तनने लगी है। इसके चलते राजमार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में यातायात नियमों का पालन करने पर ही सड़क पर सफर सुरक्षित रहेगा। बनारस में 30 ज्यादा ऐसे ब्लैक स्पॉट है जहां आए दिन हादसों में लोग या तो गंभीर रूप से घायल होते हैं या फिर उनकी जान चली जाती है।
ठंड की शुरुआत होते ही परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की ओर से अभियान चलाकर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग किया जाता है। इस बार आधा नवंबर बीतने को आया लेकिन यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने अभी जागरूकता अभियान अभी नहीं शुरू किया।
कोहरे के चलते एनएच-दो सहित अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों और राजमार्गों में देर रात से भोर तक जाम की समस्या बढ़ गई है लेकिन दोनों विभागों को इसकी कोई परवाह नहीं है। कोहरे के दौरान दुर्घटना से बचने के लिए सतर्कता सबसे ज्यादा जरूरी है। वाहन चालकों को यातायात नियमों पर विशेष ध्यान देना होगा।
बचाव के लिए करें उपाय
- वाहन में फॉग लाइट जरूर लगाएं
- वाहन के पीछे लाल, पीला और सामने सफेद रिफ्लेक्टर लगाएं
- दृश्यता के अनुरूप वाहन की गति नियंत्रित रखें और पार्किंग लाइट व डिपर का प्रयोग करें
- आगे चल रहे वाहन से निर्धारित दूरी बनाकर रखें और सड़क किनारे वाहन न खड़ा करें
- वाहन में सामने वाले शीशे को बीच-बीच साफ करते रहें
- अत्यधिक कोहरा होने पर वाहन न चलाएं
- हाइवे पर कोई दुर्घटनाग्रस्त दिखाई दे तो पुलिस को सूचित करें और पीड़ित को अस्पताल पहुंचाने में मदद करें