वाराणसी शहर के ध्वस्त यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस अब कड़ी कार्रवाई पर उतर आई है। इसके तहत शहर भर के बहुमंजिली व्यावसायिक इमारतों के बेसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था न होने पर अब पुलिस मुकदमा दर्ज करेगी। इस संबंध में पुलिस लाइन में एसएसपी ने सीओ ट्रैफिक से कहा है कि सोमवार से शहर और इससे सटे प्रत्येक थाना क्षेत्र की उन सभी बहुमंजिली व्यावसायिक इमारतों, नर्सिंगहोम और निजी शैक्षणिक संस्थानों को नोटिस दें जहां पार्किंग की व्यवस्था नहीं है।
सात से दस दिन में सत्यापित कराएं कि नोटिस के अनुपालन में पार्किंग की व्यवस्था हुई या नहीं। पार्किंग की व्यवस्था न होने पर संबंधित के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं में थानेदार मुकदमा दर्ज करें।
विज्ञापन
एसएसपी नितिन तिवारी ने रविवार को कहा कि शहर की ध्वस्त यातायात व्यवस्था के पीछे की एक अहम वजह बहुमंजिली व्यावसायिक इमारतों के बेसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था का न होना है। ऐसी इमारतों के मालिकों के खिलाफ जिलाधिकारी ने वीडीए को कार्रवाई का निर्देश दिया है। पुलिस भी ऐसे लोगों को नोटिस जारी कर यातायात व्यवस्था प्रभावित करने और अतिक्रमण सहित अन्य सुसंगत तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज करेगी।
एसएसपी ने सीओ ट्रैफिक संतोष कुमार मिश्र से कहा कि ट्रैफिक पुलिस के सभी कांस्टेबल सोमवार से अपने साथ व्हील क्लैंप लेकर ड्यूटी के लिए निकलें। ड्यूटी क्षेत्र में जहां भी दो पहिया वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े दिखें उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
एसएसपी ने की अपील ट्रैफिक वाट्सएप नंबर पर समाधान भी बताएं
वाट्सएप नंबर पर समाधान भी बताएं
एसएसपी नितिन तिवारी रविवार को ने जिले के लोगों से अपील की है कि ट्रैफिक वाट्सएप नंबर 7839856976 पर यातायात व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं के साथ साथ समाधान भी सुझाएं। हम प्रत्येक शिकायत और सुझाव पर संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रहे हैं। जितनी ज्यादा शिकायतें और सुझाव आएंगे, हम उन पर काम कर यातायात व्यवस्था से जुड़ी खामियों को दूर करेंगे।