अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की हत्या एक गहरी साजिश थी। इस पूरे मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। एमएलसी आशीष सिंह भाजपा के एजेंट हैं और उन्होंने अपना दल तोड़ने की कोशिश की और अलग दल बनाया। शुरू से ही आशीष की निगाह मेरी संपत्ति पर है। वह राजनैतिक लाभ के लिए घृणित साजिश कर छोटी पुत्री को आगे कर रहे हैं।
ताजा घटनाक्रम से मेरी, परिवारजनों एवं कार्यकर्ताओं पर खतरा बढ़ा। ऐसे में हम सरकार से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग करते हैं। शुक्रवार को वाराणसी के परेड कोठी स्थित होटल में पत्रकार वार्ता के दौरान अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि विगत दिनों पुलिस महानिदेशक को संबोधित एक पत्र सोशल मीडिया पर सार्वजनिक हुआ था। इसमें मेरे लिए सुरक्षा की मांग की गई। उस पत्र एवं खबरों में यह दर्शाया गया कि मेरी पुत्रियों के बीच में मेरी संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है।
इस संदर्भ में मेरा स्पष्ट कहना है कि मेरी सभी चल अचल संपत्तियां डॉ. पटेल एवं मेरे द्वारा स्वयं अर्जित की गई हैं। उधर, अपना दल एस से एमएलसी आशीष पटेल ने कहा कि कृष्णा पटेल अपनी बेटी और दामाद की भाषा बोल रही हैं। वे दोनों कृष्णा पटेल पर दबाव बनाकर मेरे खिलाफ और भी कई तरह के आरोप लगवा सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि दबाव के बावजूद एक दिन मां का दिल जागेगा।