केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने फ्लीट में 10 जून को तीन युवकों की कार घुसने के मामले को सुरक्षा में चूक मानते हुए इसकी शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की है। उन्होंने मिर्जापुर पुलिस और प्रशासन पर पर्याप्त सुरक्षा नहीं देने का आरोप लगाया है।
वहीं अपना दल (एस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व एमएलसी आशीष पटेल ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री के मिर्जापुर भ्रमण के दौरान जब जिप्सी मांगी जाती है तो एसपी उसमें तेल भरवाने की शर्त रखते हैं।
एसपी अपनी एस्कॉर्ट में जिप्सी और कमांडो लेकर चलते हैं। लगता है उन्हें केंद्र सरकार के मंत्री से ज्यादा खतरा है। एसपी को राजनीति करने के बजाय अनुप्रिया पटेल की सुरक्षा पर ध्यान देने की जरूरत है। मंत्री के आवास पर कुछ पुलिस कर्मी भेजे गए हैं। लेकिन इसकी जरूरत ही नहीं हैं। वहां हमेशा सीआरपीएफ के चार जवान रहते हैं। परेशानी तो मंत्री के भ्रमण के दौरान होती है।
वहीं, एसपी आशीष तिवारी का कहना है कि नियमानुसार जिला पुलिस की ओर से मंत्री को दो पीएसओ उपलब्ध कराए जाने चाहिए, जो कराया जाता है। उन्हें पहले ही वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली है।
गौरतलब है कि 10 जून को मिर्जापुर से वाराणसी एयरपोर्ट पर जाते समय मिर्जामुराद के पास तीन युवकों ने केंद्रीय मंत्री के वाहन का पीछा करते हुए फ्लीट में कार घुसा दी थी और अभद्र व्यवहार किया था। इसकी शिकायत पर मिर्जामुराद पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया था।