अनपरा परियोजना के यार्ड में लगी भीषण आग
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश विद्युत उत्पादन निगम की अनपरा तापीय परियोजना के 125 केवी स्विच यार्ड में सोमवार की रात स्पार्किंग से लगी आग से लाखों के उपकरण नष्ट हो गए। 210 मेगावाट की पहली और तीसरी इकाई ट्रिप कर गई।
करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया। इसी घटना के कारण ओबरा परियोजना से जुड़ी 400 केवी की दोनों ट्रांसमिशन लाइनें ट्रिप होने से आपूर्ति फेल हो गई और 200 मेगावाट वाली नौवीं, दसवीं और ग्यारहवीं इकाइयां ट्रिप कर गईं। इससे सोनभद्र सहित पूर्वांचल के कई जनपदों में डेढ़ से दो घंटे तक अंधेरा रहा।
अनपरा से ओबरा जाने वाली पारेषण लाइन में तकनीकी खामी से स्पार्क होने के चलते अनपरा के स्विच यार्ड में सोमवार रात 10:25 बजे आग लग गई। परियोजना की दमकलों ने करीब घंटे भर की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया।
210 मेगावाट की पहली और तीसरी इकाइयों को 11:10 बजे लाइटअप कर लिया गया। दोनों इकाइयों से उत्पादन भी शुरू हो गया। इस घटना में करंट के झटके से गिरने से कर्मचारी प्रदीप को चोटें आई हैं।
मुख्य महाप्रबंधक इं. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि डेढ़ से दो लाख का नुकसान हुआ है। क्षतिग्रस्त लाइन को भी गुरुवार तक चालू कर लिया जाएगा। फिलहाल अनपरा से बिजली बाईपास कर के दूसरी लाइन से भेजी जा रही है।