वाराणसी। मलदहिया क्षेत्र में कार्यालय खोलकर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये निवेश कराने वाली कंपनी एलयूसीसी द लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट थ्रिफ्ट को-ऑपरेशन सोसाइटी के खिलाफ सिगरा थाने में धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा अदालत के आदेश से भदोही के कटरा बाजार निवासी पीयूष कुमार बरनवाल के प्रार्थना पत्र पर दर्ज किया गया है। इस कंपनी के खिलाफ अब तक सिगरा और कैंट थाने में दर्जन भर से अधिक मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
पीयूष कुमार के मुताबिक उन्होंने कंपनी में 35 लाख रुपये निवेश किया था। इसके अलावा अपने परिचित अश्विनी बरनवाल के 50 लाख 10 हजार, राजीव गुप्ता के 10 लाख 10 हजार, राजकुमार जायसवाल के 2 लाख 64 हजार, नीरज जायसवाल के 28 लाख, सैफ के दो लाख, अनंत कुमार के छह लाख 50 हजार, जय प्रकाश जायसवाल के 80 हजार, सेवा चौरसिया के दो लाख 50 हजार, विवेक बरनवाल के दो लाख 50 हजार, अनुज बरनवाल के एक लाख समेत अन्य के रुपये उन्होंने निवेश कराए। 1.38 करोड़ रुपये से अधिक शबाब हुसैन, सानिया अग्रवाल, संजय मुदगल, आरके शेट्टी, अभय राय और नवी मुंबई के घंसौली निवासी समीर अग्रवाल लेकर लापता हो गए।