बीएचयू अस्पताल में रविवार को बुजुर्ग महिला को पीठ पर लादकर बेटे के इलाज कराने के लिए पहुंचने की खबर प्रकाशित होने के बाद अब व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आईएमएस बीएचयू हृदय रोग विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर ओमशंकर ने इस अव्यवस्था के लिए एमएस को जिम्मेदार ठहराते हुए हटाने की मांग की है। वहीं, कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय राय समेत छात्रों ने भी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से इस तरह की लापरवाही पर नाराजगी जताई है।
बीएचयू अस्पताल में गाजीपुर निवासी महिला को पीठ पर लादकर चौथी मंजिल पर जाने की खबर रविवार को अस्पताल परिसर से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा का विषय बनी रही। हृदय रोग विभाग के अध्यक्ष प्रो. ओमशंकर ने फेसबुक पर अपने पोस्ट में एमएस को विफल चिकित्सा अधीक्षक बताते हुए लिखा है कि सर सुंदर लाल अस्पताल जिसे एम्स के समानांतर होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन वास्तविकता कुछ और ही है। अस्पताल में अगर स्ट्रेचर नहीं हैं तो चिकित्सा अधीक्षक को स्ट्रेचर खरीदना चाहिए, इसके प्रबंधन के लिए जो कर्मचारी अस्पताल में नियुक्त किए गए हैं, उनकी ड्यूटी की मॉनीटरिंग भी जरू री है। ऐसे में एमएस को तत्काल हटाया जाना चाहिए।
वहीं कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय राय ने अपने फेसबुक पोस्ट पर इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए स्थायी वीसी न होने की वजह से ही बीएचयू अस्पताल में मरीज और परिजन को समस्या होने की बात लिखी है। छात्रों ने भी फेसबुक पर अलग-अलग पोस्ट के माध्यम से इसके लिए अस्पताल में अव्यवस्था पर विरोध दर्ज कराया है।