भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने जनसभा में सपा, बसपा और कांग्रेस पर हमला बोला। उनका भाषण ज्यादातर सपा सरकार पर केंद्रित रहा।
कहा, केंद्र सरकार ने यूपी को हर साल एक लाख करोड़ रुपये अधिक दिये लेकिन सपा सरकार ने उसे खर्च नहीं किया। केंद्र से हाईटेंशन तार से बिजली भेजी गई लेकिन यूपी का ट्रांसफार्मर खराब हो गया। जनता इस खराब ट्रांसफार्मर को बदल दे।
भाजपा सरकार बनी तो हम पांच साल में यूपी को देश में नंबर वन कर देंगे। शाह ने सपा को निशाने पर रखते हुए कहा कि उनके गुण्डों ने खनिज संपदाओं को लूटा और जमीनों पर अवैध कब्जा किया। भाजपा सरकार बनी तो अवैध कब्जा करने वालों को उल्टा लटकाकर सीधा किया जाएगा।
राबर्ट्सगंज के हाईडिल मैदान में उन्होंने कहा कि यूपी में दो तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। सपा-बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बुआ-भतीजे की सरकार ने यूपी को बर्बाद कर दिया। सड़क, बिजली, पानी, महिलाओं की सुरक्षा पर काम नहीं किया। युवाओं को रोजगार नहीं दिया।
सपा सरकार खून, हत्या, बलात्कार में नंबर वन है। केंद्र सरकार ने खनन मिलने वाली आय का एक हिस्सा जिले के विकास पर खर्च करने के लिए मिनरल्स डेवलपमेंट कमेटी बनाने की योजना बनाया लेकिन यूपी सरकार ने उसे लागू नहीं किया। कमेटी तक नहीं बनी।
यूपी के विकास के लिए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बनानी होगी। कहा, एक से बाप और दूसरे से मां परेशान है और दोनों से यूपी परेशान है। राहुल बाबा मोदी से सवाल पूछते हैं, जनता उनसे पूछना चाहती है कि 60 साल में आपकी सरकारों ने क्या किया।
मोदी ने ढाई साल में दो करोड़ घरों में सिलेंडर भेजवाया। उन्होंने हर 15 दिन में एक योजना बनाई। अब तक 93 योजना बनाई लेकिन यूपी सरकार ने उनको लागू नहीं किया। सपा की निकम्मी सरकार योजनाएं लागू नहीं कर रही।