यूपी के जौनपुर में चंदवक थाना क्षेत्र के कसिली मोड़ पर लगी अराजकतत्वों ने सोमवार की रात डा. भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। जानकारी होने पर सुबह लोग नारेबाजी और प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर केराकत सीओ समेत सर्किल की फोर्स पहुंच गई। अधिकारियों ने नई प्रतिमा लगवा कर मामला शांत कराया।
डा. आंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने की जानकारी मिलने पर सुबह कसिली मोड़ पर भीड़ जुट गई। लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सूचना पर एसडीएम केराकत चंद्रेश कुमार सिंह, केराकत के प्रभारी सीओ नृपेंद्र चंदवक व केराकत थाने की फोर्स के साथ पहुंचे।
एसडीएम और सीओ ने नई प्रतिमा लगवाने का आश्वासन देकर शांत कराया। सूचना पर बसपा के केराकत विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष जीत बहादुर यादव समर्थकों के साथ पहुंच गए और कार्रवाई की मांग की। पहले भी दो बार प्रतिमा तोड़ी जा चुकी है। लेकिन, कार्रवाई नहीं की गई।
शाम को पांच बजे आजमगढ़ के लालगंज से मूर्ति मंगवाई गई। इसे लोगों ने पसंद नहीं किया। तब दूसरी मूर्ति मंगवा कर शाम सात बजे तक लगवा दी गई। सीओ नृपेंद्र ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन पर कार्रवाई की जाएगी।