नई सड़क, गिरजाघर, गोदौलिया में गश्त के बाद एसीपी दशाश्वमेध के नेतृत्व में मदनपुरा में तैनात फोर्स।
- फोटो : अमर उजाला
पहड़िया मंडी में ईवीएम पकड़े जाने की सूचनाएं शहर में आग की तरफ फैली। इसके बाद ही मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में शाम से ही भीड़ इकट्ठा होना शुरू हो गई थी। हरतीरथ, अंबिया मंडी, पीलीकोठी, छोहरा, नेशनल इंटर कालेज, मनहर, गोलगड्डा इलाके में भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। रात दस बजे सपा समर्थकाें ने पहले हरतीरथ तिराहे के पास चक्का जाम किया। बाद में भीड़ जुटी तो गोलगड्डा तिराह जाम कर दिया।
पहड़िया मंडी के बाहर आक्रोशित सपा कार्यकर्ताओं ने रात के समय पुलिस अफसर की प्रयागराज नंबर की एक एसयूवी कार के साइड का शीशा तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान वाहन चला रहा पुलिसकर्मी चोटिल हो गया।
वहीं रोडवेज की एक बस को भी कार्यकर्ताओं ने निशाना बनाया। बस का भी शीशा तोड़ दिया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह कार्यकर्ताओं को शांत कराया। वहीं एडीजी रैंक के अधिकारी के एक वाहन को वहां से हटाया गया।
पहड़िया मंडी में ईवीएम प्रकरण को लेकर हुए जगह-जगह बवाल और तोड़फोड़ को देखते हुए कमिश्नरेट के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। सभी थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल मार्च करने को निर्देशित किया गया। वहीं कैंट स्टेशन, रोडवेज और अन्य होटलों में भी पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।
एसीपी दशाश्वमेध अवधेश पांडेय ने मदनपुरा क्षेत्र में पुलिसकर्मियों संग भ्रमण किया। वहीं भेलूपुर थाने कीपुलिस ने रेवड़ी तालाब, आदमपुर और जैतपुरा थाने की पुलिस ने इलाके में चक्रमण कर लोगों से शांति की अपील की, किसी तरह के अफवाहों पर ध्यान नहीं देने को जागरूक किया गया। उधर, पुलिस की सोशल मीडिया की एक टीम भी सोशल वाल पर उन्माद फैलाने वालों की तलाश में जुट गई, कई लोगों के फेसबुक, ट्विटर एकाउंट को चिन्हित किया गया तो माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे।