दहेज में 30 लाख रुपये और चार पहिया वाहन की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और प्लॉट बेचने से मिली रकम हड़पने का आरोप लगाकर विवाहिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि पति और उसके भतीजे ने विवाहिता के बैंक खाते से 9.20 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए और घर में रखे 10 लाख रुपये (कुल 29.20 लाख रुपये) के अलावा कार और एक अन्य वाहन भी ले गए। विरोध करने पर छह वर्षीय बेटे के सिर पर पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी गई।
क्या है पूरा मामला
पीड़िता के मुताबिक, उसका विवाह 26 मई 2018 को हुआ। उसके नाना ने उसे मकबूल आलम रोड स्थित एक प्लॉट दिया था। इसे 21 जुलाई 2026 को 40 लाख रुपये में बेचने के बाद पति और उसका भतीजा रुपये मांगने लगे। आरोप है कि चार अगस्त को खाते से 4.30 लाख और 18 अगस्त को 4.90 लाख रुपये जबरन ट्रांसफर करा लिए गए।
आरोप है कि घर में रखे 10 लाख रुपये नकद, कार और नाना के नाम पर दर्ज एक अन्य वाहन भी दोनों ले गए। प्लॉट खरीदने वाली महिला को भी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर पर पति अश्वनी कुमार दुबे और उसके भतीजे गौरव मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।