सभी 59 जवान गया की बजाए चले गए थे घर
- फोटो : File Photo
जम्मू कश्मीर में ट्रेनिंग से लौटकर ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहे सीआरपीएफ कोबरा बटालियन गया के लापता सभी 59 कमांडो का पता चल गया है।
सभी जवान दिल्ली से गया जाने की बजाए अपने घर चले गए थे। मंगलवार को सभी जवान ड्यूटी ज्वाइन करने बटालियन पहुंचे।
तब जाकर इसका पता चला।
सीआरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि सभी पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। मंडल सुरक्षा आयुक्त मुगलसराय ने इसकी पुष्टि की है। कोबरा बटालियन गया बिहार के 59 जवान ट्रेनिंग के लिए जम्मू कश्मीर गए थे।
ट्रेनिंग पूरी करने के बाद वे सभी मुख्यालय दिल्ली पहुंचे। जहां से वे शनिवार को गया के लिए रवाना हुए। सोमवार को उन्हें बटालियन हेडक्वार्टर पर ज्वाइन करना था। सभी कमांडो बिहार के औरंगाबाद और आसपास के जिलों के थे।
इसलिए सभी ट्रेन से अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन पहुंचने पर उतर गए।
उधर, जब सोमवार को वे बटालियन हेडक्वार्टर नहीं पहुंचे तो गया के अधिकारियों ने दिल्ली हेडक्वार्टर से संपर्क किया। जहां से पता चला कि वे गया के लिए निकल चुके हैं।
इस पर 59 कमांडो के एकाएक लापता होने से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इधर, जब इस बात की खबर सभी कमांडो को पता लगी तब वो दोपहर बाद गया स्थित बटालियन मुख्यालय पहुंचे।