Akshaya Tritiya: घाट पर भक्तों के स्नान-दान के दौरान प्रशासनिक अमला भी दुरुस्त दिखा। इधर बीच गंगा में लोगों के डूबने के हादसों को लेकर निगहबानी की जा रही थी। घाटों पर अनाउंस किया जा रहा था कि पानी में ज्यादा दूर तक न जाएं। सुरक्षा को देखते हुए स्नान करें।
धर्म और आस्था की नगरी काशी में शुक्रवार को पूरे आस्था के साथ अक्षय तृतीय का पूजन-अर्चन चल रहा है। इससे पूर्व श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। काशी के विभिन्न घाटों पर स्नान-दान का दौर चल रहा है। शुभ मुहूर्त से ही श्रद्धालु गंगा में स्नान करते दिखे।
विज्ञापन
धार्मिक मान्यता है कि अक्षय तृतीया पर स्नान-दान से हर पाप की मुक्ति हो जाती है। दोष खत्म हो जाते हैं। हिन्दू पुराणों में इसे दिव्य स्नान की भी मान्यता दी गई है। पुरोहितों के अनुसार, अगर भक्त गंगा स्नान नहीं करने नहीं जा पा रहा है तो गंगाजल की कुछ बूंदे पानी में डालकर भी नहा सकता है। ऐसा करने से भी तीर्थ का लाभ मिलता है।
उधर, अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित श्रीहरि विष्णु के बद्रीनारायण स्वरूप का भव्य श्रृंगार किया गया। परम्परा के निर्वाह में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा आज ही के दिन से पवित्र श्रावण मास तक श्री विश्वनाथ जी के विग्रह पर फव्वारा भी प्रतिवर्ष की भांति लगाया गया है।