वाराणसी। कोरोना काल के दौरान ट्रेनों की संख्या पर्याप्त नहीं होने के कारण छोटे शहरों के लिए भी नई विमान सेवाएं संचालित की जाएंगी। अंतर्जनपदीय सस्ती उड़ान की रूपरेखा तय कर ली गई है। चित्रकूट-वाराणसी और श्रावस्ती-वाराणसी के बीच उड़ान सेवाएं भी जल्द शुरू की जाएंगी।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, इन विमानों में किराया काफी कम रखा जाएगा। उड़ान 4.0 योजना के तहत 78 रूटों पर नई विमान सेवाएं शुरू करने की तैयारी की गई है। पहले फेज में वाराणसी-चित्रकूट और वाराणसी-श्रावस्ती के बीच विमान सेवाएं संचालित होंगी। इन विमानों में टिकट काफी कम रखा जाएगा। किराया ऐसा रखा जाएगा कि आम आदमी भी सफर कर सके। चित्रकूट व श्रावस्ती के लिए विमान सेवाएं शुरू होने से काशी में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। प्रयागराज से चित्रकूट, श्रावस्ती, बरेली से नई दिल्ली के बीच भी नई विमान सेवाएं संचालित होनी हैं। इन विमानों के संचालन की तिथि और किराया जल्द ही निर्धारित किया जाएगा।
एयरपोर्ट पर बढ़ जाएगी यात्रियों की संख्या
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मौजूदा समय में यात्रियों की संख्या काफी कम है। कोरोना से पहले 10 से 12 हजार यात्री आवागमन करते थे, वहीं अब दो से तीन हजार यात्री आवागमन कर रहे हैं। इसे देखते हुए उड़ानों की संख्या भी काफी कम है। 14 से 16 घरेलू विमान संचालित हो रहे हैं। इसमें भी 4 से 5 उड़ाने आए दिन निरस्त हो रही हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट से स्पाइस जेट, इंडिगो, गो एयरवेज, एयर इंडिया और विस्तारा एयरलाइन की विमान सेवाएं संचालित हैं। अब इन दो शहरों के बीच उड़ान शुरू होने से यात्रियों की संख्या बढ़ जाएगी।