एआईएमआईएम विधायकों ने की असदुद्दीन ओवैसी से मुलाकात
- फोटो : ANI
सांसद असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-ए-मुस्लमीन (एआईएमआईएम) के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने बयान जारी करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठजोड़ की खबरों को सिरे से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि हम उन मीडिया रिपोर्ट का पूरी तरह खंडन करते हैं जिसमें कहा गया है कि अगर किसी मुस्लिम को डिप्टी सीएम का पद मिले तो वह सपा के साथ गठबंधन के लिए तैयार है।
गौरतलब है कि अंबारी में एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने अपने बयान से प्रदेश की राजनीति में एक नया माहौल खड़ा कर दिया। अगर समाजवादी पार्टी यूपी में गैर भाजपा सरकार बनने पर भागीदारी मोर्चे के किसी मुस्लिम विधायक को उपमुख्यमंत्री बनाने को तैयार हो तो पार्टी और मोर्चे का सपा से गठबंधन हो सकता है।
उन्होंने उक्त बातें शनिवार को अपने माहुल स्थित आवास पर कहीं। उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में भाजपा को रोकना है तो सपा-बसपा सहित सभी सेकुलर दल हमारे भागीदारी संकल्प मोर्चा के साथ मिलकर चुनाव लड़ें।
उन्होंने कहा कि सपा-बसपा केवल मुसलमानों का वोट लेती हैं, सरकार में उनके हिस्सेदारी के बारे में नहीं सोचती है। हमारे मोर्चा के संयोजक ओम प्रकाश राजभर मुस्लिमों के हक की बात कहने की हिम्मत तो दिखाई कि अगर उनके मोर्चे की सरकार बनती है तो प्रदेश में हर साल नया मुख्यमंत्री होगा और उसमें से एक मुख्यमंत्री मुस्लिम भी होगा।