बीएचयू अस्पताल में सुविधाओं का जायजा लेते एम्स के निदेशक
- फोटो : अमर उजाला
एम्स के निदेशक डॉ. एम श्रीनिवास अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान नई दिल्ली में व्याख्यान दे चुके हैं और आयुर्वेद के मरीजों से जुड़ी सुविधाओं के बारे में उन्हें गहनता से जानकारी है। इस वजह से यहां सुविधाओं का बारीकी से अध्ययन किया। निदेशक ने ओपीडी, बाल रोग विभाग, एमसीएच विंग सहित अन्य जगहों पर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी एमएस, आईएमएस निदेशक से ली। उनके साथ एम्स से आए डॉ. संजय राय, आईएमएस बीएचयू निदेशक प्रो. एसएन संखवार, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. सौरभ श्रीवास्तव, बीएचयू अस्पताल के चिकित्साधीक्षक प्रो. केके गुप्ता, आईएमएस के डीन प्रो. अशोक कुमार मौजूद रहे।
ट्रॉमा सेंटर में भी खींची फोटो, बनाया वीडियो
बीएचयू अस्पताल के बाद एम्स निदेशक ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. सौरभ सिंह के साथ इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के इलाज की जानकारी ली। ट्राएज एरिया, ओपीडी ब्लॉक, दवा वितरण व्यवस्था, जांच देखने के बाद वार्डों में मरीजों की सुविधाओं का जायजा लिया। चेकिंग व्यवस्था, मरीजों को निशुल्क मिलने वाली दवाओं के लिए लगे डिस्प्ले बोर्ड, मशीनों की फोटो मोबाइल में ली और वीडियो बनाया।
एम्स निदेशक ने केएन उडुप्पा सभागार में संकाय प्रमुखों, विभागाध्यक्षों के साथ ही वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ बातचीत की। एम्स में मिलने वाली सुविधाओं, शोध, इलाज, जांच, संकाय सदस्यों, पैरामेडिकल स्टाफ से जुड़ी जानकारियों को साझा किया। निदेशक ने एम्स की तर्ज पर सुविधाओं के लिए वर्तमान में जो भी कमियां/जरूरत हैं, उसे सूचीबद्ध कर रिपोर्ट तैयार करने का सुझाव दिया।
मालवीय भवन जाकर महामना के जीवन दर्शन से हुए रूबरू
एलडी गेस्ट हाउस में लंच के लिए जाते समय एम्स निदेशक को जैसे ही मालवीय भवन की जानकारी मिली, वह डॉ. संजय राय के साथ वहां पहुंच गए। प्रो. एसएन संखवार, प्रो. सौरभ सिंह, प्रो. विश्वंभर सिंह, डीन प्रो. अशोक कुमार ने महामना के जीवन से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरें उन्हें दिखाई। उन्होंने एक-एक कमरे में जाकर तस्वीरों को देखा और जानकारी ली। विश्वविद्यालय के कुलगीत के हिंदी और अंग्रेजी अनुवाद की लगी पट्टिका को भी देखा।