भारतीय सेना में चार साल की भर्ती प्रक्रिया के तहत केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर देशभर में हंगामा मचा है। योजना के विरोध की आंच शुक्रवार को वाराणसी समेत पूर्वांचल में पहुंच गई। सुबह से ही जगह-जगह सेना भर्ती की तैयारी में जुटे युवाओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बनारस से लेकर बलिया तक जबरदस्त हंगामा हो रहा है। कई जगह से पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की सूचना आई है। वाराणसी कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 10 के पास आगजनी की गई। करीब पांच घंटे तक जारी हंगामे के बाद उपद्रवियों को खदेड़ कर पुलिस ने शांति बहाल की। कई दर्जन युवाओं को हिरासत में भी लिया गया है। यहां पढ़ें हर अपडेट...
कैंट रोडवेज से 9 घंटे बाद बस सेवा बहाल
अग्निपथ योजना के विरोध में शुक्रवार युवकों कैंट रोडवेज में जमकर उत्पात मचाया। पथराव कर रोडवेज की कई बसों को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिस कारण बस सेवा रोक दी गई थी। करीब 9 घंटे बाद शाम साढ़े पांच बजे रोडवेज बस अड्डे बस सेवा बहाल हुई। तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
मऊ में काशी डिपो की बस पर पथराव
सेना भर्ती की तैयारी कर रहे मऊ के युवाओं ने सुबह करीब 10 बजे नेशनल हाईवे अमिला-थानीदास मार्ग को जाम कर दिया। लगभग एक घंटे बाद मामले की जानकारी होने पर उपजिलाधिकारी घोसी, सीओ सहित आला अधिकारियों ने चक्कजाम हटाने को कहा। प्रदर्शनकारी मान नहीं रहे थे। अधिकारियों के समझाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। मामला शांत हो जाने के बाद कुछ प्रदर्शनकारी थानीदास से लगभग 300 मीटर दूर रामजानकी मंदिर के समीप झाड़ियों में छिप गए। इसी बीच गोरखपुर की तरफ से मऊ आ रही काशी डिपो की बस पर पथराव कर दिया। इससे बस का शीशा टूटने के साथ ही एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।
सीपी बोले- आक्रोशित युवाओं को समझाया जाएगा
कैंट स्टेशन पर हुए हंगामे-बवाल के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस आयुक्त ए. सतीश गणेश ने मौका मुआयना किया और मातहतों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थिति अब सामान्य है। ये हमारे ही बच्चे हैं जिन्हे समझाया जा रहा है। यह भी कहा कि समझाया जा रहा है यदि नहीं समझे तो उपद्रव के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
आजमगढ़ में युवाओं ने किया चक्काजाम
आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर लाटघाट पुरानी सरयू नदी पुल पर शुक्रवार को सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं चक्काजाम कर दिया। जिससे आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर आवागमन आधे घंटे तक ठप रहा। सूचना मिलते ही काफी संख्या में पुलिस बल, एसएसबी और सीआरपी के जवानों के साथ अधिकारी पहुंचे और युवाओं को हटाकर आवागमन शुरू कराया
वाराणसी का ताजा हाल, तोड़फोड़ करने वालों पर हमला
कैंट रोडवेज, चौकाघाट, सिगरा, चौबेपुर, सारनाथ सहित कई अन्य इलाकों में युवा योजना के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन और हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान चौकाघाट, सिगरा और लहरतारा में पथराव कर बसों के शीशे तोड़े गए। सिगरा, इंग्लिशिया लाइन क्षेत्र में दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई। वाराणसी से गाजीपुर मार्ग और वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी है। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रों ने सिगरा रोड पर तोड़फोड़ करने वालों को पकड़कर पीटा और पुलिस को सौंपा।
वाराणसी कैंट स्टेशन पर जमकर पथराव, इंस्पेक्टर सहित चार सिपाही घायल
कैंट स्टेशन के मालगोदाम की ओर रेलवे ट्रैक पर युवकों ने आग लगा दिया। रोकने पहुंची पुलिस पर पथराव कर दिया। घटना में सिगरा इंस्पेक्टर सहित चारी सिपाही चोटिल हो गए। 12 युवकों को सिगरा पुलिस ने हिरासत में लिया है। फौर्स की तैनाती बढ़ा दी गई है। जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। कैंट निदेशक सहित रेलवे सुरक्षा एजेंसियों बैठक कर रहे हैं।
पूर्वांचल में कहां-कहां हंगामा
प्रदर्शनकारियों वाराणसी कैंट रोडवेज पर खड़ी बसों में तोड़फोड़ करने के साथ ही रास्ते में जा रही बसों में भी तोड़फोड़ की है। कैंट रोडवेज से बसों का परिचालन बंद हो गया है। बलिया में छात्रों ने रेलवे स्टेशन में तोड़फोड की है। ट्रेन की एक बोगी में आग लगा दिया। जौनपुर में कई चौराहों पर प्रदर्शन हो रहा है। पीडीडीयू नगर- गया रेल मार्ग पर जाखिम स्टेशन के पास युवाओं ने ट्रैक जाम कर दिया है। 12 से ज्यादा ट्रेनें जहां-तहां खड़ीं हैं। लखनऊ से छपरा जा रही उत्सर्ग एक्सप्रेस रसड़ा में सुबह सात बजे से ही खड़ी है। बलिया से लेकर बनारस तक कई दर्जन युवाओं को हिरासत में लिया गया है। बवाल के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है।