डिजिटल शिकायतों के जरिए नागरिक सुविधाओं की बेहतरी की मोदी सरकार की कोशिशें रंग लाने लगी हैं। रेलवे के बाद अब विमान सेवाओं में नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें मंत्रालय तक सीधे पहुंच रही हैं। इनका निस्तारण भी हो रहा है।
ताजा घटना वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जुड़ी है। नोएडा में रहने वाले अमित बीते तीन फरवरी को बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां उन्हें अपने बच्चे के लिए बेबी केयर रूम की जरूरत पड़ी।
इसी बीच उनकी नजर बच्चों की देखभाल के लिए बने एक कमरे पर पड़ी। देखा तो अवाक रह गए। कमरा बेहद गंदा था, कुर्सियां टूटी पड़ी थीं और सब कुछ अस्त-व्यस्त।
अमित ने अपने ट्विटर हैंडल ‘साइलेंट बुद्धा’ से बेबी केयर रूम की फोटो नागर विमानन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा को ट्वीट कर इस बदहाली से उन्हें अवगत कराया। मंत्री ने तत्काल भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक राकेश कालरा को इसे ठीक कराने का निर्देश दिया।