सिगरा-कैंट मार्ग का हाल।
- फोटो : संवाद
बारिश के दौरान सड़कों के धंसने की घटनाएं इससे पहले भी सामने आ चुकी हैं। सिगरा के पास धंसी सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन अब वह हिस्सा दोबारा धंसने लगा है। वहीं चितईपुर के पास सड़क धंसने से बने गड्ढे को भी भर दिया गया है। फिलहाल वहां सड़क को समतल किया गया है। अधिकारियों के अनुसार गिट्टियों की पकड़ मजबूत होने के बाद तारकोल डाला जाएगा।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि सड़कों की मरम्मत कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां सड़क की खोदाई हुई है, वहां बारिश के दौरान मिट्टी नीचे धंसने से सड़क पर गड्ढे बन जाते हैं। ऐसे स्थानों को फिलहाल आवागमन के लायक बनाया जा रहा है। बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद इन सड़कों को नए सिरे से तैयार कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि विभाग धंसी सड़क के आसपास तत्काल सुरक्षा इंतजाम करे और जल्द स्थायी मरम्मत कराए, ताकि आवागमन सुचारु रहे और किसी बड़े हादसे की स्थिति न बने।