वाराणसी जोन में नए एडीजी नवीन अरोरा
- फोटो : अमर उजाला
त्योहारों, कांवड़ यात्रा, कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर एडीजी नवीन अरोरा ने मंगलवार देर शाम वाराणसी जोन कार्यालय में समीक्षा बैठक की। रेंज और जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि वांछित और इनामी अपराधियों पर ठोस कार्रवाई हो। अभियान चलाकर हर हाल में गिरफ्तारी होनी चाहिए। शरीर, संपत्ति और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उपायों पर चर्चा हुई। अपराधों के खुलासों और मालों के निस्तारण की समीक्षा की।
जन शिकायत और आईजीआरएस से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण पर जोर दिया। यक्ष एप की फीडिंग, सीसीटीएनएस और अन्य पोर्टलों की प्रभावी मॉनिटरिंग की भी समीक्षा की। ई-साक्ष्य और ई-समन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी ध्यान देने को कहा, अधिकारियों को नियमित गश्त करने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एडीजी जोन ने सुरक्षा और मिशन शक्ति अभियान की प्रगति की समीक्षा कर कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन हो। अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और पशु-तस्करी जैसे संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की भी समीक्षा की। एनएसए और गैंगस्टर जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसे भी पढ़ें; Cyber Crime: ट्रेडिंग के नाम पर 5.10 लाख की ठगी, 75 हजार होल्ड; पीड़ित ने दर्ज कराई प्राथमिकी
कानून-व्यवस्था संबंधी किसी भी स्थिति पर तुरंत प्रतिक्रिया देने को कहा, पुलिसकर्मियों और पेंशनभोगियों के कल्याण के लिए समय-समय पर बैठकें कर उनकी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया। बैठक में डीआईजी वैभव कृष्ण, डीआईजी मिर्जापुर रेंज पूनम, आजमगढ़ डीआईजी सुनील कुमार सिंह, चंदौली पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल समेत अन्य जिलों के कप्तान मौजूद रहे।