यूपी में सत्ता बदल गई है। इसी के साथ पूर्व की सत्ता के करीबी अधिकारियों पर गाज गिरनी शुरू हो गई है। सोनभद्र जिले के चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वाई प्रसाद को अधीक्षक पद से हटाकर यहीं पर चिकित्साधिकारी बना दिया गया है।
उनकी जगह डॉ. एपी सिन्हा को चिकित्सा अधीक्षक बनाया गया है। डॉ. प्रसाद दुद्धी की पूर्व विधायक रूबी प्रसाद के पति हैं।
पिछली बार दुद्धी विधानसभा सीट से निर्दल चुनाव जीतकर सपा में शामिल होने वाली विधायक रूबी प्रसाद के पति डॉ. वाई प्रसाद चोपन में हाल के दिनों तक चिकित्सा अधीक्षक के पद पर तैनात रहे।
पिछली सरकार में कई बार उनको यहां से हटाने को लेकर कार्रवाई होती रही लेकिन हर बार पासा पलट जाता और कार्रवाई ठंडे बस्ते में चली जाती। लेकिन अब जबकि यूपी की सत्ता बदल गई है, ऐसे में कार्रवाई का दौर भी शुरू हो गया है।
जिले में पहली कार्रवाई पूर्व विधायक रूबी प्रसाद के पति डॉ. वाई प्रसाद पर ही हुई। सीएमओ डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने डॉ. वाई प्रसाद को अधीक्षक पद से हटाकर वहीं पर चिकित्साधिकारी पद पर तैनात कर दिया है जबकि डॉ. एपी सिन्हा को चोपन सीएचसी का अधीक्षक बनाया है।
सीएमओ ने बताया कि डॉ. सिन्हा को एकतरफा चार्ज दिया गया है क्यों कि डॉ. प्रसाद ने चार्ज नहीं दिया।