अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(ABVP) के कार्यकर्ताओं ने बीएचयू में अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं की परीक्षा न कराए जाने का मुद्दा उठाया है। इसके लिए शनिवार को कुलपति प्रोफेसर राकेश भटनागर से मिलकर कार्यकर्ताओं ने वैकल्पिक मूल्यांकन करने की मांग की हैं।
विज्ञापन
परिषद के बीएचयू विभाग संयोजक अधोक्षज पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कुलपति को दिए मांग पत्र में कहा कि कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। ऐसी परिस्थिति में छात्र-छात्राओं की परीक्षा कराया जाना उचित नहीं होगा। अंतिम वर्ष के छात्र छात्राओं की परीक्षा न करा कर वैकल्पिक मूल्यांकन ही छात्र हित में होगा।
किसी भी तरह की ऑफलाइन परीक्षा न कराई जाए। कार्यकर्ताओं ने परंपरागत परीक्षा का स्थान पर मूल्यांकन के अन्य प्रारूपों जैसे असाइनमेंट, रिपोर्ट, ऑनलाइन पोर्टल पर परीक्षा, डाक से असाइनमेंट रिपोर्ट भेजने की सुविधा आदि पर विचार करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि ऐसे छात्र जो मूल्यांकन पद्धति में इच्छुक ना हो उन्हें स्थिति सामान्य होने पर परीक्षा देने की सुविधा दी जाए। कुलपति ने सुझाव पर नियमानुसार कार्यवाही का भी आश्वासन दिया है।