पिंडरा (वाराणसी)। फूलपुर थाना के करखियांव स्थित यूपीएसआईडीसी एग्रो पार्क में एक कारखाने में नमकीन बनाते समय रविवार को आग लग गई। आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। नमकीन छानने के लिए रखा गया तेल आग के संपर्क में आ गया था। इसी वजह से आग लगी थी।
वाराणसी के लहुराबीर निवासी मनोज मद्धेशिया का करखियांव स्थित यूपीएसाईडीसी एग्रो पार्क में नमकीन और सोनपापड़ी आदि बनाने का कारखाना है। सुबह नौ बजे के लगभग नमकीन बनाने के दौरान ही अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। इसके साथ ही कारखाने में मौजूद अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने का काम शुरू किया गया। कारखाने में मौजूद कर्मियों ने आसपास के लोगों की मदद से आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारण हजारों रुपये का नुकसान बताया गया है। वहीं, घटना के लगभग दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसे लेकर लोगों ने नाराजगी जताई।