सामान के साथ चोर द्वारा छोड़ा गया माफीनामा पत्र
- फोटो : amar ujala
अपराध के बाद अपराधी के हृदय परिवर्तन की कहानी कई बार फिल्मों और कहानियों में सुनी देखी जाती है। लेकिन चंदौली जिले में यह एक सच्चाई बन गई है। बलुआ थाना क्षेत्र के सोनहुला गांव स्थित एक दूकान से चोरी हुए सामान अगले दिन बगल में मिल गया। यही नहीं पत्र में चोर ने चुराए सामान को वापस रखकर अपने काम के लिए माफी भी मांगी है।
सोनहुल गांव निवासी विपिन तिवारी की मोबाइल की दूकान घर से कुछ दूर है। सोमवार की सुबह विपिन दुकान पर गए तो शटर में लगा ताला टूटा मिला। अंदर पांच हजार रुपए नगदी, लैपटाप, मोबाइल सहित हजारों रुपए मूल्य के सामान गायब मिले।
विपिन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मंगलवार की सुबह विपिन दूकान खोलने पहुंचा तो उसकी नजर बगल की गुमटी के नीचे रखे एक बैग पर पड़ी। उत्सुकतावश उसने बैग खोलकर देखा तो उसमें चोरी गए सामान रखे थे।
यही नहीं सामान के साथ एक पत्र भी मिला। जिसमें चोर ने चोरी के लिए माफी मांगते हुए सामान वापस किये जाने की बात लिखी थी। माफीनामे के साथ सामान लौटाने वाले चोर की चर्चा दिनभर क्षेत्र में होती रही।