उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक शख्स ने सरकार को खूब चूना लगाया। इस शख्स ने 30 साल तक दो सरकारी नौकरी कर वेतन लिया। मामला सामने आने पर अब इससे रिकवरी की जाएगी।
जिले के पूनापार ग्रामीण डाकघर में तैनात डाकपाल बेसिक शिक्षा विभाग मऊ में सहायक अध्यापक पद पर भी नौकरी कर 30 साल से ज्यादा समय तक दोनों पदों पर वेतन उठाता रहा। कमिश्नर के आदेश पर एडी बेसिक ने जांच की तो मामला खुला।
मऊ बीएसए को शिक्षक से अनियमित वेतन भुगतान की रिकवरी और एफआईआर कर अवगत कराने का निर्देश दिया है। भूपेंद्रवीर सिंह पुत्र वीर बहादुर निवासी पूनापार भटौली मऊ की पूनापार डाकघर में मृतक आश्रित में डाकपाल पद पर 1981 में तैनात हुए थे।
इस बीच उन्होंने महाराणा प्रताप पूर्व माध्यमिक विद्यालय पूनापार भटौली में सहायक अध्यापक पद पर भी नौकरी पा ली। दोनों ही नौकरियों का उनकी ओर से वेतन आहरण किया जाने लगा।
कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मामला जानकारी में आने के बाद मार्च 2017 में एडी बेसिक कार्यालय में शिकायत की। तब एडी बेसिक ने उसने वेतन भुगतान पर रोक लगाई और मामले की जांच शुरू की।