महमूरगंज स्थित महेश्वरी भवन में श्री गवरजा माता उत्सव समिति की ओर से प्रेसवार्ता करते सदस्य ।
- फोटो : स्रोत : पुलिस
श्री गवरजा माता उत्सव समिति की ओर से मंगलवार को श्री गवरजा माता उत्सव मनाया जाएगा। महमूरगंज स्थित शुभम् लॉन में शाम चार बजे से रंगारंग सिंधारा की धूम रहेगी। 16 दिनों तक गणगौर पूजन कर 21 मार्च को शोभायात्रा निकाली जाएगी। महिलाएं माता का पूजन कर गंगा में प्रतिमा का विसर्जन करेंगी।
संस्था के अध्यक्ष कमल अग्रवाल और मंत्री राम बूबना ने बताया कि समाज की महिलाओं व कन्याओं के लिए महमूरगंज स्थित शुभम् लॉन में शाम चार बजे से सिंधारा का आयोजन होगा। राजस्थान संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुति होगी। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, विशिष्ट अतिथि एडीजी पीयूष मोडिया व उनकी पत्नी स्वाति मित्तल, छावनी बोर्ड के सीईओ सत्यम मोहन होंगे। प्रचारमंत्री गौरव राठी ने बताया कि 21 मार्च को दोपहर तीन बजे से गोलघर स्थित श्री काशी गौशाला से गाजेबाजे के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी जो चौक, गोदौलिया, गिरजाघर होते हुए शाम पांच पांच बजे लक्ष्मीकुंड स्थित श्रीश्याम मंदिर पहुंचेगी, जहां महिलाएं और कन्याएं मां गणगौर का पूजन करेंगी। अपने-अपने घरों में पूजी गई गणगौर का लक्ष्मीकुंड तालाब में विसर्जन किया जाएगा। इसमें श्री गवरजा माता उत्सव समिति राजस्थानी एवं हरियाणा समाज के विभिन्न संगठनों के केंद्रीय संगठन के मारवाड़ी समाज, माहेश्वरी परिषद, राजस्थान ब्राह्मण मंडल, जैन श्वेतांबर तेरापंथ संघ, खंडेलवाल परिषद एवं मैढ़ क्षत्रिय सभा के पदाधिकारियों के साथ महिलाएं और पुरुष शामिल रहेंगे।