संत श्रीकच्चा बाबा स्पोर्टिंग क्लब जाल्हुपुर के तत्वावधान में आयोजित ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में पिछवारी की टीम ने मधुकरपुर को और दूसरे मैच में सारनाथ की टीम ने रैमला को शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
पहले मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पिछवारी ने निर्धारित आठ ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 99 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम के सलामी बल्लेबाज शिवम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 रनों की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मधुकरपुर की टीम 68 रन पर सिमट गई। इस प्रकार पिछवारी की टीम ने मधुकरपुर को 31 रन से पराजित कर मैच अपने नाम किया। दूसरा मुकाबला सारनाथ और रैमला के बीच हुआ। टॉस जीतकर रैमला ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी सारनाथ की टीम ने निर्धारित ओवरों में 96 रन बनाए। जवाब में रैमला की टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के करीब पहुंच गई। रोचक मुकाबले में आखिरी ओवर में रैमला को पांच गेंद पर जीत के लिए मात्र सात रन चाहिए थे लेकिन दो विकेट गिर गए। इससे रैमला की टीम 93 रन तक पहुंच पाई। इस तरह सारनाथ की टीम 3 रन से मैच जीत गई। शुभारंभ सपा प्रदेश सचिव राधाकृष्ण उर्फ संजय यादव और अक्षय कुमार बबलू प्रधान ने फीता काट कर किया।