कैंट रेलवे स्टेशन से बुधवार को एक युवती गायब हो गई। वह अपने माता-पिता के साथ अंबाला जा रही थी। कैंट जीआरपी में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई है। औरंगाबाद (बिहार) जिले के लखजा के रहने वाले राजदेव पासवान पत्नी, बेटे, बेटी के साथ किसान एक्सप्रेस से अंबाला जा रहे थे।
सुबह पांच बजकर 20 मिनट पर ट्रेन प्लेटफार्म नंबर आठ पर पहुंची। 19 साल की बेटी पिता से बाथरूम जाने की बात कहकर चली गई। जब काफी देर तक वह नहीं लौटी तो माता पिता घबरा गए और उन्होंने ट्रेन में उसकी तलाश शुरू कर दी। तब तक ट्रेन चल दी।
माता-पिता को लगा कि वह किसी बोगी में चढ़ गई होगी। जब पूरे ट्रेन में ढूढ़ने पर वह नहीं मिली तो माता पिता अपने पुत्र और सामान के साथ अगले स्टेशन पर उतर गए और लौटकर फिर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। जीआरपी में शिकायत की।
इस बाबत सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और ट्रेन के आगे स्टापेज से जुड़े थानों को भी सतर्क किया गया। फिलहाल माता-पिता बेटी के लापता होने से काफी आहत थे।