अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना और पंजाब की रोपड़ जेल में बंद विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी नवाब ने वाराणसी के एक अधिवक्ता को जानमाल की धमकी दी है। प्रकरण को लेकर बुधवार को अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर फुलवरिया क्षेत्र के पहलू का पुरा निवासी नवाब के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कैंट थाना अंतर्गत फुलवरिया क्षेत्र के पहलू का पुरा निवासी अधिवक्ता राजेश प्रसाद सिंह के अनुसार उनके घर के बगल में उनके मुवक्किल केशव लाल सोनकर की जमीन है। बीती 23 फरवरी को उस जमीन में नवाब और उसके परिजन अवैध तरीके से निर्माण कार्य करा रहे थे।
पुलिस को सूचना देने पर फुलवरिया चौकी इंचार्ज ने काम रुकवा कर दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर समझौता करा दिया। अधिवक्ता ने बताया कि समझौते के बाद उन्होंने देखा कि उसी जमीन पर गेट रखा हुआ है और दो तरफ पिलर खड़े हैं। इसी बीच नवाब आया और खुद को मुख्तार अंसारी का खास आदमी बताते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। नवाब की धमकी से वह और उनके परिजन काफी भयभीत हैं।
इंस्पेक्टर कैंट राकेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।