वाराणसी। धनतेरस के दिन शहर के अधिकतर इलाके पूरे दिन जाम की चपेट में रहे। सबसे बुरी हालत मैदागिन से सोनारपुरा मार्ग पर थी। खरीदारी करने निकले शहरियों ने त्यौहारी तैयारी का कीमती समय जाम में फंस कर गंवा दिया। नतीजतन दो घंटे में खरीदारी करके लौटने की सोच कर घर से निकले लोग पांच घंटे से भी ज्यादा समय बाजार में ही फंसे रहे। भीषण जाम ने त्यौहार की घरेलू तैयारियों को भी बाधित किया।
भदैनी निवासी श्री आनंद शर्मा तो महज एक उदाहरण हैं। वह कोदई चौकी स्थित अपने मित्र मानिक चंद सर्राफ के यहां जाने के लिए दोपहर ढाई बजे निकले थे लेकिन गौदौलिया से कोदई चौकी पहुंचने में उन्हें पूरे डेढ़ घंटे लगे। इसके बाद खरीदारी करके दुकान के बाहर निकले तो उनके होश उड़ गए। केसीएम-दशाश्वमेध मार्ग पर एक से दूसरे छोर तक वाहनों की कतार लगी थी। उनके लिए समझना मुश्किल था कि दुकान से निकल कर केसीएम स्टैंड तक जाएं कैसे। वहीं, चौक थाने से बड़ादेव तक एक चौथाई सड़क तो अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन करने वाले भक्तों से भरी थी, शेष पर पैदल राहगीरों और छोटे-बड़े वाहनों का जमघट लगा रहा। यातायात पुलिस की लापरवाही और वाहन चालकों की मनमानी के चलते इस मार्ग पर दिनभर लोगों ने आफत झेली। गिरजाघर-चेतगंज, गिरजाघर-रेवड़ी तालाब, गिरजाघर-गुरुबाग मार्ग पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।