वाराणसी। आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए जिला जेल के 24 बदमाशों की वीडियोकांफ्रेंसिंग के जरिये अदालत में पेशी कराने की व्यवस्था बनाई गई है। शनिवार की सुबह डीएम, एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों की टीम द्वारा जिला जेल में छापामारी के बाद यह निर्णय लिया गया। कार्रवाई के दौरान जेल में कोई अनियमितता प्रकाश में नहीं आई लेकिन कई टन पड़े कूड़े को देखकर डीएम ने नगर निगम अधिकारियों पर नाराजगी जताई। पता चला कि सूचना देने के बाद दो ट्रक कूड़ा उठा था। इसके बाद अधिकारी भूल गए।
डीएम सौरभ बाबू और एसएसपी बीडी पाल्सन ने सुबह आठ बजे एडीएम सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, पांच सीओ और इतने की थानाध्यक्षों को पुलिस लाइन बुलाया। जिला कारागार पहुंचकर एक साथ पांच बैरकों मेें छापा मार दिया जिससे हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने अपराधियों से संबंधित रजिस्टर को देखा। पाकशाला का भी निरीक्षण किया। डीएम ने भोजनालय के समीप सफाई रखने की हिदायत जेल अधिकारियों को दी। एसएसपी बीडी पाल्सन ने बताया कि जेल से पेशी पर जाने वाले खूंखार बदमाश आपराधिक गतिविधियों का संचालन करते हैं। फोर्स और गाड़ी का खर्च सरकार को वहन करना पड़ता है। आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए 24 बदमाशों की सूची तैयार की गई है जो जेल से बाहर नहीं निकलेंगे। कोर्ट में उनकी पेशी वीडियोकांफ्रेसिंग के जरिये होगी। सूची में इमरान हुसैन, हैदर, हेमंत मौर्या, मनोज उर्फ छोटू उर्फ निरहू, रवि पटेल, अमीरचंद, भरत उर्फ बुच्ची, अनिल पटेल, झुन्ना पंडित, रोहित उर्फ शनी, संतोष शुक्ला, सोनू सोनकर, कल्लू सोनकर, गुड्डू मामा, शेरू उर्फ बड़े मिर्जा, सुरेंद्र पटेल, गाजीपुर के राम सिंह, रईस अहमद, सुनील यादव और टुन्ना दूबे आदि 24 बंदी शामिल हैं।
इनसेट--
दो बदमाश भागने की फिराक में
वाराणसी। कैंट थाना प्रभारी अनिरुद्ध सिंह को जानकारी मिली है कि जेल में बंद दो बदमाश भागने की फिराक में हैं। इस मामले में जेल अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।