वाराणसी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस)-2012 की होने वाली प्रारंभिक परीक्षा (प्री) का प्रश्नपत्र बुधवार की रात यहां आ तो गया लेकिन पूरी रात कलेक्ट्रेट परिसर में कोषागार के सामने पड़ा रहा। भोर में किसी तरह कड़ी सुरक्षा में प्रश्नपत्र वाहन से उतरवाकर कोषागार के डबल लाक में रखवाया गया।
पीसीएस-प्री की 10 जून को दो पालियां सुबह 09.30 से 11.30 और अपराह्न 02.30 से 04.30 बजे तक परीक्षा आयोजित है। परीक्षा में करीब 30 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए जिले में 55 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए 18 मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। इस बीच, बीती रात करीब 12 बजे आयोग द्वारा भेजा गया प्रश्नपत्र यहां आ गया। रात में प्रश्नपत्र अचानक पहुंचने की सूचना मिलने पर प्रशासन के अधिकारियों में बेचैनी बढ़ गई। आनन-फानन में पुलिस फोर्स लगाकर प्रश्नपत्र लदे वाहन को कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर स्थित कोषागार के पास ले जाया गया। हालांकि, रात में ही प्रश्नपत्र उतारकर कोषागार के डबल लाक में रखने के लिए श्रमिक नहीं मिल पाए। भोर में किसी तरह श्रमिकों को बुलवाकर प्रश्नपत्र को वाहन से उतरवाकर कोषागार के डबल लाक में रखवाया गया। एडीएम सिटी एमपी सिंह का कहना था कि प्रश्नपत्र बुधवार की देर रात आया था।