वाराणसी। विमेंस फिटनेस क्लब और साधना फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मदर्स डे केउपलक्ष्य में ‘मां’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महमूरगंज स्थित शिवाजी नगर कालोनी पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने 101 माताओं की आरती उतारी। उनका पूजन कर आशीर्वाद लिया। कतारबद्ध खड़ी माताओं की आरती का दृश्य मानो हर किसी के दिल को छू गया। मांएं भी अपने बच्चों के इस अनूठे प्यार को देख भावुक हो गईं।
इस अवसर पर बच्चों ने मां के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। समारोह में बतौर अतिथि प्रो. अनिल तिवारी, डा. जेएस राय, डा. ऋतु गर्ग, अनिल जैन, विनय शंकर राय मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों को हमेशा मां का सम्मान करने की सीख दी। श्वेता राय ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन अखिलेश रावत व प्रियंका शर्मा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन नाज परवीन ने किया। इस मौके पर सीमा तिवारी, सौरभ मौर्या, रोहित रावत, पूनम रावत आदि मौजूद रहे।