वाराणसी। नगर निगम के सफाईकर्मियों ने रविवार को शहर के अधिकांश इलाकों में सफाई नहीं की। शिवपुर, गिलट बाजार, अर्दली बाजार, अंधरापुल, कमलगड़हा, कज्जाकपुरा, मछोदरी, हरतीरथ सहित कई अन्य इलाकों में कूड़े के ढेर लगे रहे। बाढ़ प्रभावित इलाकों बधवा नाला, नक्खीघाट, अमरपुर बटलोहिया, सरैया, ढेलवरिया आदि में सफाई न होने से स्थिति लोगों को बेहद मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर आयुक्त के निर्देश के बावजूद सफाई कर्मियों ने भोजूबीर, सिंधोरा रोड, प्रेमचंद नगर, भक्ति नगर, पहडि़या, अशोक विहार, रमरेपुर, मवईया, सारनाथ, हुकुलगंज, फातमान रोड, औरंगाबाद, आदमपुर, जैतपुरा, बड़ी बाजार, लेबर कालोनी, ईश्वरगंगी, बाकराबाद, आजाद पार्र्क, शिवाला, सेनपुरा, खोजवां, जक्खा, तुलसीपुर, रानीपुर सहित कई अन्य इलाकों में सफाई नहीं की। इन इलाकों में जगह-जगह कूड़ा पड़ा रहा। कूड़े का उठान भी नहीं हुआ। उधर, बधवा नाला, नक्खीघाट, अमरपुर बटलोहिया, जयप्रकाश नगर, ढेलवरिया, सरैया सहित बाढ़ प्रभावित अन्य इलाकों में पानी कम होने के बाद कचरा एकत्रित हो गया है। दुर्गंध के कारण बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोग परेशान हैं। निगम प्रशासन ने इन इलाकों में अब तक न तो कीटनाशकों का छिड़काव कराया है और न ही सफाई। नगर आयुक्त आरपी सिंह का कहना है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में सफाई के लिए सोमवार से विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। बाढ़ प्रभावित इलाकों को छह जोनों में बांटा गया है। हर जोन के लिए जोनल अधिकारियों व दो चिकित्सकों के नेतृत्व में अलग-अलग टीम बनाई गई है। टीम सफाई व फागिंग के साथ ही कीटनाशकों का छिड़काव भी कराएगी। इसके साथ ही संक्रामक रोगों से प्रभावित मरीजों को दवा भी दी जाएगी। अभियान के लिए जिला प्रशासन ग्रामीण इलाकों मेें तैनात 200 सफाईकर्मी उपलब्ध करा रहा है।