लोहता। जन्माष्टमी त्यौहार पर आधी रात को भक्ति भाव में सराबोर लोग उस समय गम में डूब गए जब आरती के समय बिजली के कटे तार के कारण करेंट से झुलस कर सत्यम पाठक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। यह हादसा लोहता थाना क्षेत्र के दयापुर गांव में रविवार की रात को घटी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पंडाल में आरती के समय जब सब लोग ध्यान मग्न थे, उसी समय एक व्यक्ति नीचे लटक रहे कटे तार के कारण करेंट की चपेट में आ गया। उसे छुड़ाने के लिए कुछ लोग लाठी डंडे से पीटने लगे तो कुछ लोग हाथ से छुड़ाने का प्रयास करने लगे। देखते ही देखते पांच लोग करेंट की चपेट में आ गए। किसी तरह लोगों ने लाठी-डंडे से बिजली का तार तोड़ डाला और गंभीर रूप से झुलसे सत्यम पाठक (15), किशोर (52), शिवम पाठक (13) को कोरौता बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज कराने के दौरान सत्यम ऊर्फ भोनू पाठक की मौत हो गई । सत्यम दो बहनों में इकलौता भाई था। वह कक्षा नौ का छात्र था। पिता आशुतोष पाठक प्राइवेट नौकरी करते हैं। मृतक की मां कुसुम देवी दहाड़े मारकर रो रही है। दोनों अन्य घायल प्रमोद पाठक एवं शिवम पाठक की रविवार को सायं अस्पताल से छुट्टी हो गई है। शिवम भी संतोष पाठक का अकेला पुत्र है, जो किसी तरह बच गया। वहीं तीसरे घायल प्रमोद पाठक, शिवपुर स्थित एक संस्कृत महाविद्यालय में अध्यापक के पद पर कार्यरत है। इसके अलावा तीन अन्य दो अन्य लोगों की स्थिति सामान्य है।