लालानगर/गोपीगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-इलाहाबाद रेलखंड पर ट्रेन में सफर कर रही एक महिला का बैग शनिवार को चोरी हो गया। बैग में सात हजार नकद, कीमती मोबाइल, मंगलसूत्र और अन्य सामान हाथ लगा है। ताजा मामला रामनाथपुर और ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के बीच का है।
बरबटा सोनपुर निवासी धीरज सिंह की पत्नी पम्मी सिंह दो दिन पूर्व कानपुर अपनी बहन के घर आई थी। शुक्रवार की रात अपने पुत्र किशन के साथ नई दिल्ली से सीतामढ़ी जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस से वह सोनपुर बरबटा अपने घर जा रही थी। रामनाथपुर और ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के बीच पम्मी सिंह का बैग चोरी हो गया। भुक्तभोगी के मुताबिक बैग में सात हजार नकद, मंगलसूत्र और मोबाइल एवं अन्य सामान थे। गोपीगंज नगर स्थित ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर जानकारी देते हुए महिला ने बताया कि वह इसकी शिकायत वाराणसी रेलवे पुलिस में दर्ज कराएगी। स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे सिपाही संजय दुबे, शिवनारायण, प्रदीप यादव सुबह उसे स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से वाराणसी ले गए। बता दें कि पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-इलाहाबाद रेल रूट पर यात्रियों के साथ आए दिन चोरी, छिनैती और लूट की घटनाएं हो रहीं हैं। एक माह पूर्व जीआरपी और आरपीएफ इलाहाबाद की टीम ने ट्रेन में सघन जांच करने के साथ ही उचक्कों और लुटेरों पर शिकंजा कसा था। इस दौरान तीन आरोपी पकड़े गए थे। इस कार्रवाई के बाद जीआरपी और आरपीएफ के शांत होते ही एक बार फिर इस रूट पर घटनाएं शुरू हो गईं। चंद दिनों पहले भी इसी तरह की घटना हुई थी। इसके बाद एक बार फिर छिनैती की घटना हुई है। खास बात यह है कि ट्रेन में सफर के दौरान उचक्के और लुटेरे महिलाओं को ही अपना शिकार बना रहे हैं।