वाराणसी। निवेश प्रस्ताव को केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद गंगा में सी-प्लेन चलाने की योजना एक कदम आगे बढ़ गई है। जुलाई तक इसका ट्रायल शुरू कराने की तैयारी को नए पंख लग गए हैं। तय मसौदे के अनुरूप वाराणसी से सी प्लेन की पहली उड़ान लखनऊ के लिए होगी। छह सीटर जापानी कोडियाक का संचालन होगा। इसके बाद इलाहाबाद, कानपुर, आगरा और गोरखपुर को इस सेवा से जोड़ा जाएगा। 113 करोड़ के अनुमानित निवेश की यह योजना तीन चरणों में कार्यान्वित होगी।
पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स वाराणसी के संयोजक अशोक कुमार गुप्ता ने गुरुवार को यह जानकारी दी। बताया कि वाराणसी में गंगा से आधुनिक समुद्री विमानों के संचालन के जरिए वाराणसी-इलाहाबाद-लखनऊ-इलाहाबाद-वाराणसी, वाराणसी-कानपुर-गोरखपुर-कानपुर के बीच शहरों को जोड़ने की योजना पर सबसे पहले काम होगा। उद्यमी अशोक गुप्ता ने बताया कि प्रमोटरों ने भारत, जापान और यूएसए के विभिन्न एजेंसियों के समन्वय और सहयोग से पहली जुलाई से समुद्री विमान सेवा का ट्रायल शुरू करने की तैयारी है। अस्सी घाट पर इसके लिए जेट्टी सहित अन्य इंतजामों के लिए जगह तलाशी जा रही है। शुक्रवार को स्थानीय प्रशासन के साथ इस मुद्दे पर महत्वपूर्ण बैठक भी होनी है। योजना सलाहकार अनुज डिडवानिया ने बताया कि लोगों को सी-प्लेन के बारे में बताने के लिए जून के प्रथम सप्ताह में रोड शो भी होगा।