वाराणसी। सिटी मजिस्ट्रेट को पाकिस्तान से कॉल कर धमकाने के मामले में शुक्रवार को डीएम के निर्देश पर कैंट थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले की जांच एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां अपने स्तर से कर रही हैं। वहीं, जानकारों का कहना है कि इंटरपोल की मदद से ही धमकाने वाले नंबर का पूरा ब्यौरा मिल सकेगा।
आदमपुर थाना अंतर्गत कोनिया स्थित एक मस्जिद पर दो पक्ष अपना हक जताते हैं। इससे संबंधित मुकदमा सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में विचाराधीन है। सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. विश्राम का कहना है कि मंगलवार की रात एक बजे एक उनके मोबाइल पर आईएसडी कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि वो पाकिस्तान से बोल रहा है और जिसके बारे में कह रहा है उसी के पक्ष में फैसला सुनाया जाए। बात न मानने पर नतीजा अच्छा नहीं होगा। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कैंट ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। साइबर सेल सहित अन्य एजेंसियों से धमकाने वाले नंबर के बारे में विवरण हासिल कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।