ज्ञानपु्र। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को सुबह की पाली में दो नकलची पकड़े गए। सुबह की पाली में 12वीं की हिंदी की परीक्षा में नकल करते पकड़ी गईं दोनों छात्राओं को रस्टीकेट कर दिया गया। सुबह और शाम की पाली में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मिलाकर कुल 2019 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के तीसरे दिन चारों सचल दस्तों ने परीक्षा केंद्रों पर दस्तक दी।
यूपी बोर्ड परीक्षा के तीसरे दिन गुरुवार को सुबह की पाली में 10वीं कृषि की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 64 परीक्षार्थियों में से चार परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। परीक्षा में 60 परीक्षार्थी शामिल हुए। सुबह की पाली में 12वीं हिंदी द्वितीय प्रश्नपत्र की भी परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 10968 परीक्षार्थियों में से 1411 ने परीक्षा छोड़ दी। 9557 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। सुबह की पाली में डायट प्राचार्य के सचल दस्ते ने मिठाई लाल चंद्रभानु गुप्त इंटर कॉलेज में एक 12 हिंदी की छात्रा को नकल करते पकड़कर रस्टीकेट कर दिया। इसी तरह सुबह की ही पाली में वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक सचल दस्ते ने डीजे मौर्य बालिका इंटर कॉलेज लक्ष्मणपट्टी देवनाथपुर में भी 12वीं हिंदी की एक छात्रा को नकल करते पकड़कर रस्टीकेट कर दिया। शाम की पाली में 12वीं सामान्य हिंदी द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। परीक्षा में पंजीकृत 16800 परीक्षार्थियों में से 656 ने परीक्षा से दूरी बना ली। 15143 परीक्षा में शामिल हुए। अब तक परीक्षा के दौरान सात नकलची पकड़े जा चुके हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम सरोज वर्मा ने बताया कि परीक्षा सकुशल और नकल विहीन संपन्न हो रही हैं।