वाराणसी। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के दो दिनी काशी दौरे से विपक्षी पार्टियों में हलचल रही। सपा, बसपा, कांग्रेस सहित अन्य दल भाजपा की गतिविधियों पर नजर गड़ाए रहे। कुछ विपक्षी पार्टी के नेता परिचितों को फोन करके शाह के कार्यक्रमाें की जानकारी जुटाते रहे।
विपक्ष के नेता बनारस में भाजपा की गतिविधियों के बारे में हाईकमान को भी जानकारी दे रहे हैं। साथ ही अपने बेस वोटरों को बचाने के लिए अपने अपने प्रभुत्व वाले इलाकों में नियमित बैठकें कर रहे हैं। बीते पांच सालों में सरकार की विफलताओं के बारे में बता रहे हैं।
हालांकि अब तक विपक्ष की ओर से प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की गई है। विपक्षी पार्टी साझा उम्मीदवार उतारने की रणनीति पर विचार कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि विपक्ष जल्द ही प्रत्याशी घोषित करेगा। फिलहाल एक पटेल और एक ब्राह्मण का नाम चल रहा है। दो तीन दिनों में तस्वीर साफ हो जाएगी।