वाराणसी। चेन्नई में पिछले साल आयोजित शेल इको मैराथन (इंडिया) -18 प्रतियोगिता में परचम लहराने के बाद इस साल भी आईआईटी बीएचयू की टीम पूरे उत्साह के साथ मलयेशिया में होने वाले मैराथन में भाग लेगी। कुआललंपुर में 29 अप्रैल से दो मई तक होने वाले मैराथन में छात्रों की टीम अवरेरा द्वारा बनाई गई इलेक्ट्रिक प्रोटोटाइप कार का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए कार को मलयेशिया भेज दिया गया है।
आईआईटी (बीएचयू) की टीम 27 अप्रैल को मलेशिया रवाना होगी। निदेशक प्रो. प्रमोद कुमार जैन ने सभी को शुभकामनाएं दीं। सीईआरडी के समन्वयक प्रोफेसर एसएसके सिन्हा ने बताया कि सीईआरडी के तहत काम करने वाली आईआईटी (बीएचयू) की एक अंडरग्रेजुएट ऑटोमोबाइल रिसर्च टीम, टीम अवरेरा अल्ट्रा-एनर्जी एफिशिएंट इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को डिजाइन और डेवलप करने के लिए इनोवेटिव टेक्नोलॉजी को काम में ले रही है। टीम में कुल 15 सदस्य हैं और अब तक वाहन भारत के सबसे अधिक ऊर्जा कुशल इलेक्ट्रिक वाहन के रूप में बेंचमार्क स्थापित कर चुका है। अब तक, टीम ने चार प्रोटोटाइप विकसित किए हैं।