वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर रविवार को बिजली गुल होने के कारण गर्मी और उमस से यात्री जूझते नजर आए। वहीं कॉलोनियों में छह घंटे तक बिजली गुल रही। इसके कारण समस्याआें का सामना करना पड़ा।
द्वितीय श्रेणी यात्री प्रतीक्षालय में ट्रेन का इंतजार कर रहे लोग पसीने से तरबतर दिखे। परिसर में लगे दो हेलिकॉप्टर फैन शोपीस बने रहे। वहीं प्लेटफार्म नंबर एक के सारे पंखे दोपहर में बंद नजर आए। यही हाल यात्री प्रतीक्षालय की विभिन्न श्रेणियों में दिखा। वहीं सभी कॉलोनियों में दोपहर से ही बिजली गुल रही। रविवार के दिन रेलकर्मी और उनके परिजनों को बिजली और उसके कारण पानी की समस्या से दो चार होना पड़ा। देर शाम बिजली आई। डीईई, उत्तर रेलवे जेके लोहिया ने बताया कि बिजली सप्लाई में तकनीकी दिक्कत आने के कारण कॉलोनियों में कुछ घंटे बिजली नहीं रही तो वहीं कैंट रेलवे स्टेशन पर विकास कार्यों के कारण कुछ देर के लिए बिजली की सप्लाई बाधित रही।