वाराणसी। आदमपुर थाना अंतर्गत हनुमान फाटक क्षेत्र स्थित कन्हैयालाल की मोबाइल की दुकान से चोरों ने मोबाइल और नगदी सहित दस लाख रुपये का माल पार कर दिया। इसके साथ ही दुकान के सामने स्थित दो पड़ोसियों के मकान का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। बुधवार की सुबह दोनों पड़ोसियों और उनके परिजनों ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने दरवाजा खोला और कन्हैयालाल के दुकान में हुई चोरी की जानकारी उन्हें फोन कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस आसपास की दुकानों में लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पांच संदिग्धों की तस्वीर सामने आई। भुक्तभोगी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आदमपुर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
कज्जाकपुरा निवासी कन्हैयालाल की हनुमान फाटक इलाके में मोबाइल की दुकान है। कन्हैयालाल ने पुलिस को बताया कि बुधवार की सुबह इलाकाई लोगों ने उन्हें चोरी की जानकारी दी। दुकान से विभिन्न कंपनियों के करीब 80 पीस महंगे मोबाइल के साथ कैश बॉक्स में रखा एक लाख 75 हजार रुपये गायब है। चोर शटर में लगा भुन्नासी का ताला तोड़ने के बाद अंदर चैनल गेट में लगे तीन तालों को तोड़ कर नकदी और मोबाइल फोन समेट ले गए। उधर, पुलिस ने तफ्तीश के क्रम में क्षेत्र के संदिग्ध लोगों को हिरासत मेें लिया है और पूछताछ कर रही है।